भादो छठ मेले के तीसरे दिन उमड़ी भीड़, किसानों ने खरीदे कृषि यंत्र |

Share:

सूरजकुंड में स्नान-पूजन का सिलसिला जारी, ग्राम प्रधान ने कराई कुंड की साफ-सफाई

सरायख्वाजा, जौनपुर: ऐतिहासिक भादो छठ मेले के तीसरे दिन मंगलवार को भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। मेले में किसानों ने कृषि यंत्रों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। वहीं, सूरजकुंड में स्नान कर लोगों ने पूजा-अर्चना की।

मेले में किसानों ने हावड़ा, कुदाल, हंसिया, दौरी, सूप समेत खेती-किसानी में उपयोग होने वाले विभिन्न कृषि उपकरणों की खरीदारी की। इसके अलावा लोहे के सामान, चारपाई, कुर्सी और घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुओं की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ दिखाई दी।

मेले में महिलाओं और बच्चों ने भी जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने प्रसाधन सामग्री खरीदी, जबकि बच्चों ने तरह-तरह की मिठाइयों का आनंद लिया। बच्चों के लिए लगाए गए झूले और खिलौनों की दुकानों पर भी काफी चहल-पहल रही।

मेले में पुलिस की निगरानी

मेले में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार भ्रमण करती रही। पुलिसकर्मी मेले के विभिन्न हिस्सों में गश्त करते नजर आए। अव्यवस्था उत्पन्न करने वाले लोगों को पुलिस ने हिदायत देकर वहां से हटाया।

सूरजकुंड की कराई गई साफ-सफाई

भादो छठ मेले के तीसरे दिन भी सूरजकुंड में स्नान करने और पूजा-अर्चना करने का सिलसिला जारी रहा। इसी दौरान कुंड परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा छोड़े गए कपड़ों और अन्य सामग्री की सफाई कराई गई।

ग्राम प्रधान रैना संतोष सिंह की ओर से सफाई कर्मचारियों के माध्यम से सूरजकुंड परिसर की साफ-सफाई कराई गई। इससे स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को स्वच्छ परिसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

मेले में कृषि यंत्रों की खरीदारी, घरेलू सामान की दुकानों, झूलों और मिठाई की दुकानों के कारण पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।

Share: