मुंबई

वसई की ट्रैफिक अव्यवस्था और रिक्शा मनमानी पर विधायक स्नेहा दुबे पंडित सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश |

तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक संवाददाता: साहिल यादव

वसई। वसई-विरार क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्याओं, रिक्शा सेवाओं में अनियमितता और रेलवे से जुड़े विकास कार्यों की स्थिति को लेकर विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मौजूदगी में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन विभाग, रेलवे प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और रिक्शा यूनियन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान स्टेशन परिसरों में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव, पार्किंग सुविधाओं की कमी, जर्जर सड़कों तथा यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने और मीटर से यात्रा कराने से बचने जैसी शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। यात्रियों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मीटर के अनुसार यात्रा करने से इनकार करने वाले रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए आरटीओ विभाग द्वारा नया हेल्पलाइन और शिकायत नंबर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

इसके अलावा पश्चिम रेलवे की प्रस्तावित 5वीं और 6वीं रेल लाइन परियोजना के बाद स्टेशन और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के लिए महानगरपालिका, रेलवे विभाग और परिवहन अधिकारियों की संयुक्त बैठक जल्द आयोजित करने पर सहमति बनी।

विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने कहा कि नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Sahil Yadav

Senior Journalist & Chief Editor covering breaking national and international news stories.