मुंब्रा शहर में बकरीद के पर्व के दौरान उस समय शोक की छाया फैल गई, जब कई दिनों से लापता एक युवक का शव नाले से बरामद हुआ। मृतक की पहचान कौसा निवासी नुरुल होदा समद चौधरी (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो 26 मई से अपने परिजनों से संपर्क में नहीं था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम मुंब्रा महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन विभाग को कौसा वाई जंक्शन के पास स्थित नाले में एक अज्ञात शव होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और मुंब्रा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। वाहन के रजिस्ट्रेशन विवरण के आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क स्थापित किया। जांच के दौरान पता चला कि मोटरसाइकिल मालिक कमरुल चौधरी के भाई नुरुल होदा चौधरी पिछले चार दिनों से लापता थे और उनकी गुमशुदगी की शिकायत पहले ही मुंब्रा पुलिस थाने में दर्ज कराई जा चुकी थी।
सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान नुरुल होदा चौधरी के रूप में की गई। युवक की मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक के परिजनों ने मामले में संदिग्ध परिस्थितियों को लेकर आशंका व्यक्त की है। हालांकि, मुंब्रा पुलिस के अनुसार, शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
शव को विधि संबंधी कार्यवाही हेतु कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही संभव होगा। जांच जारी है।
बकरीद के दिन मुंब्रा में गमगीन माहौल: लापता युवक की नाले में मिली लाश, परिवार में मचा कोहराम |
Published On: May 30, 2026 6:20 pm
---Advertisement---