तृप्ति प्रमाण न्यूज़ पोर्टल / राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक
मीरारोड/हैदराबाद: ठाणे पुलिस की अपराध प्रकटीकरण शाखा (यूनिट-4) ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने तेलंगाना के हैदराबाद में चल रही एक अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ, रसायन और निर्माण सामग्री जब्त की है।
मीरारोड से शुरू हुई थी जांच
पुलिस के अनुसार, यह मामला 4 अप्रैल 2026 को सामने आया था, जब मीरारोड के नया नगर इलाके में एक महिला के घर से करीब 1 किलो 324 ग्राम एमडी ड्रग बरामद किया गया। इस ड्रग की कीमत लगभग 2.66 करोड़ रुपये आंकी गई थी। इस मामले में नया नगर पुलिस थाने में महिला और उसके पति के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
15 आरोपी गिरफ्तार, फैक्ट्री तक पहुंची पुलिस
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने रायगढ़ के खालापुर से एक और हैदराबाद से दो आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस को पता चला कि तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पिचारगड्डी तांडा क्षेत्र में एक फार्महाउस के अंदर अवैध रूप से एमडी ड्रग बनाने का कारखाना चलाया जा रहा है।
फार्महाउस पर छापा, 6 करोड़ से अधिक का रसायन और ड्रग जब्त
ठाणे पुलिस की टीम ने फार्महाउस पर छापा मारकर ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 किलो एमडी ड्रग जब्त किया। इसके अलावा, ड्रग बनाने में उपयोग किए जाने वाले क्लोरोफॉर्म, एसीटोन, मोनोमेथाइलामीन और हाइड्रोक्लोरिक एसिड जैसे लगभग 2523 लीटर रसायन और लैब उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, इस खेप की कीमत करीब 6.22 करोड़ रुपये है।
20 करोड़ से अधिक का माल जब्त, जांच जारी
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 20.67 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ, रसायन और अन्य सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे और अपराध शाखा के उपायुक्त संदीप डोईफोडे के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है।