तृप्ति प्रमाण | विरार प्रतिनिधि
विरार पूर्व में रविवार देर रात अवैध रूप से सिगरेट, तंबाकू और गुटखा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के दौरान विरोध प्रदर्शन का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, नाइट राउंड के दौरान खुली दुकानों को बंद कराने पहुंची टीम पर एक आरोपी ने हमलावर तेवर अपनाए और हंगामा किया। पुलिस ने इस मामले में तड़ीपार आरोपी मनीष झा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
नाइट राउंड के दौरान दुकानें बंद कराने पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, विरार पूर्व के फ्लाईओवर के नीचे रविवार देर रात पुलिस अधिकारी और सुरक्षा गार्ड क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि कुछ स्थानों पर अवैध रूप से तंबाकू, गुटखा और सिगरेट की बिक्री की जा रही थी। जब पुलिस और सुरक्षा गार्ड ने इन दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया, तो वहां मौजूद एक चाय टपरी संचालक मनीष झा ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
पुलिस कर्मियों और सुरक्षा गार्ड के साथ अभद्रता
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष झा ने न केवल कार्रवाई का विरोध किया, बल्कि पुलिस कर्मियों और सुरक्षा गार्ड के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। उसने गाली-गलौज करते हुए क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पुलिस टीम से उलझता हुआ दिखाई दे रहा है।
तड़ीपार की अवधि खत्म होने के दो दिन बाद ही हंगामा
मामले की जांच में एक अहम तथ्य सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष झा पर पहले से ही तड़ीपार का आदेश लागू था, जिसकी अवधि महज दो दिन पहले ही समाप्त हुई थी। तड़ीपार खत्म होने के तुरंत बाद दोबारा कानून व्यवस्था भंग करने और सरकारी काम में बाधा डालने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस का सख्त रुख और स्थानीय लोगों का समर्थन
विरार के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक एलएम तुरे ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने और पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध तंबाकू और गुटखा बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन किया है और मांग की है कि देर रात चलने वाले अवैध कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कठोर कदम उठाए जाने चाहिए। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।