मुंबई: मुंबई में मामूली विवाद लगातार हिंसक घटनाओं में बदलते नजर आ रहे हैं। बोरीवली-अंधेरी लोकल ट्रेन में चाकूबाजी की घटना के महज 48 घंटे बाद, माहिम इलाके में भी एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद चलते समय गलती से धक्का लगने और मोबाइल फोन गिरने को लेकर उत्पन्न हुआ था।
घटना का विवरण
यह घटना गुरुवार रात करीब 10 बजकर 15 मिनट पर माहिम पश्चिम स्थित सेनापति बापट मार्ग पर न्यू इंडिया बार के पास घटित हुई। घायल युवक की पहचान 35 वर्षीय नवीन प्रसन्ना के रूप में हुई है, जो लोअर परेल में एक निजी कार्यालय में काम करता है। नवीन रोज की तरह काम खत्म कर माहिम रेलवे स्टेशन से पैदल अपने घर लौट रहा था।
मोबाइल गिरने से शुरू हुआ विवाद
इसी दौरान स्टेशन के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति से उसका अनजाने में धक्का लग गया, जिससे उस व्यक्ति का मोबाइल फोन जमीन पर गिर गया। नवीन ने तुरंत माफी मांगी, लेकिन आरोपी ने मोबाइल खराब होने का आरोप लगाते हुए उससे पैसे मांगने शुरू कर दिए। नवीन के समझाने के बावजूद आरोपी उसका पीछा करता हुआ न्यू इंडिया बार के पास पहुंचा। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने चाकू निकालकर नवीन के पेट के बाईं ओर वार किया और मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मामला
गंभीर रूप से घायल नवीन किसी तरह अपने घर पहुंचा, जहां उसके परिजनों ने उसे तत्काल सायन अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद नवीन ने माहिम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। माहिम पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। अभी आरोपी की सही पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जांच जारी है।