जौनपुर। जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के डेढ़वाना गांव में घर के बंटवारे को लेकर चला आ रहा विवाद खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बंटवारे के विवाद में चाकू से हमला
जानकारी के अनुसार, डेढ़वाना गांव में पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। गुरुवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने छोटे भाई मनीष चंद्र यादव पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मनीष चंद्र यादव के पेट में चाकू लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
हमले के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल मनीष चंद्र यादव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आरोपी फरार, बेटा हिरासत में
घटना के बाद आरोपी बड़ा भाई मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही केराकत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के लिए आरोपी के बेटे को हिरासत में लिया गया है। साथ ही फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।
परिजनों ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग
वहीं घायल की पत्नी ने प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोपी बड़े भाई की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।