पटना। बिहार सरकार ने राज्य के शहरी परिदृश्य को आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। शुक्रवार को राजधानी पटना में नगर विकास एवं आवास विभाग और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में संपन्न यह समझौता बिहार में सुनियोजित शहरीकरण का नया अध्याय शुरू करेगा।
12 हाईटेक टाउनशिप, 3 लाख एकड़ में होगा विकास
इस विशाल परियोजना के अंतर्गत राज्य में 12 आधुनिक और हाईटेक सैटेलाइट टाउनशिप का निर्माण किया जाएगा। इन टाउनशिप का विकास कुल 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में करने की योजना है। HUDCO के माध्यम से 1 लाख करोड़ रुपये का सीधा निवेश किया जाएगा, जबकि निजी और संस्थागत क्षेत्रों से लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों के हित में ‘लैंड पुलिंग मॉडल’
परियोजना को सफल और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ‘लैंड पुलिंग मॉडल’ अपनाएगी, जिससे किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर आश्वस्त किया कि भूमि अधिग्रहण के बदले मुआवजे के लिए आवेदन करने वाले किसानों को 30 दिनों के भीतर भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी, ताकि किसानों के हितों की पूरी सुरक्षा हो सके।
स्मार्ट, टिकाऊ और रोजगारपरक शहरों का निर्माण
प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप भविष्य की जरूरतों के अनुरूप ‘स्मार्ट और टिकाऊ’ शहरों के रूप में विकसित होंगी। इनमें विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क और सीवरेज सिस्टम, अत्याधुनिक शिक्षा संस्थान और अस्पताल, व्यावसायिक परिसर के साथ बड़े हरित क्षेत्र शामिल होंगे। सरकार का मानना है कि यह परियोजना न केवल शहरी आबादी के दबाव को कम करेगी, बल्कि निर्माण क्षेत्र में तेजी लाकर लाखों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी।
35 प्रतिशत तक पहुंचेगा शहरीकरण का स्तर
इस योजना के माध्यम से बिहार का लक्ष्य अपने शहरीकरण के स्तर को 35 प्रतिशत तक पहुंचाना है। यह समझौता बिहार को औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ी पहल है, जिससे राज्य में निवेश का एक नया पारिस्थितिकी तंत्र तैयार होगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा, सचिव संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विशेष सचिव नीलेश रामचंद्र देवड़े, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के सीएमडी संजय कुलश्रेष्ठ सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: विनोद प्रसाद, ब्यूरो चीफ, तृप्ति प्रमाण)