---Advertisement---

जौनपुर में स्कूल बसों को लेकर डीएम का सख्त अल्टीमेटम, 113 बसें फिटनेस में फेल, 244 बिना परमिट के संचालित |

---Advertisement---

जौनपुर। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में स्कूल बसों की फिटनेस और परमिट की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने की।

समीक्षा में सामने आई स्थिति

बैठक के दौरान प्रशासन ने पाया कि जिले में 113 स्कूल वाहनों की फिटनेस फेल है। इसके अलावा, 244 वाहन ऐसे हैं जो बिना वैध परमिट के या समाप्त हो चुके परमिट के साथ संचालित किए जा रहे हैं। इस गंभीर स्थिति पर जिलाधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को तीन दिन के भीतर सभी जरूरी प्रपत्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा के भीतर अनुपालन न होने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बसों के लिए ये नियम हुए अनिवार्य

जिलाधिकारी ने बच्चों की सुरक्षा के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी विद्यालयों को यह सुनिश्चित करना होगा कि स्कूल बसें निर्धारित गति सीमा में चलें और चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। बसें पीले रंग की होनी चाहिए और उन पर स्पष्ट रूप से ‘विद्यालय बस’ और स्कूल का नाम अंकित होना चाहिए। इसके अलावा, प्रत्येक बस में स्पीड लिमिट डिवाइस, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध होंगे।

मान्यता रद्द होने की चेतावनी

जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार सिंह ने भी सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिन विद्यालयों के वाहनों के दस्तावेज अधूरे हैं, वे तीन दिन के भीतर उन्हें सही कराएं। अन्यथा संबंधित विद्यालयों की मान्यता से जुड़ी कार्रवाई की जा सकती है। सभी विद्यालयों को विद्यालय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर उसकी कार्यवाही पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह, बीएसए डॉ. समीर, यातायात निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिले के स्कूलों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

जौनपुर से दिलीप कुमार की रिपोर्ट

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh