पटना। बिहार कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों और सांगठनिक मजबूती के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गई है। शनिवार को सदाकत आश्रम में आयोजित बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में संगठन को धार देने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता और प्रभारी कृष्णा अल्लावरु की उपस्थिति में हुई इस बैठक में राज्य के सभी 53 सांगठनिक जिलाध्यक्ष शामिल हुए।
राहुल गांधी के दौरे की घोषणा
बैठक के दौरान बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी अब 15 जुलाई को पटना पहुंचेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे राजधानी के प्रमुख शिक्षा केंद्र मुसल्लहपुर हाट में पदयात्रा करेंगे। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के अंतर्गत वे वहां छात्रों से सीधा संवाद करेंगे और एक छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पार्टी का प्रयास है कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए।
छात्रों के मुद्दों पर होगी चर्चा
पार्टी नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पेपर लीक, भर्ती में देरी, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस इस दौरे के माध्यम से छात्र समुदाय और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
AICC की टीम देगी जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने एक नई कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत वर्धा से आने वाली AICC की विशेषज्ञों की टीम बिहार के सभी 53 जिलाध्यक्षों को 22 से 31 जुलाई तक 10 दिनों का गहन प्रशिक्षण देगी। बैठक में अगले 15 दिनों तक चलने वाले पार्टी के आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है।
तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद