वसई: विरार पूर्व इलाके में स्थित पापड़खिंड पहाड़ी पर रविवार शाम को दो ट्रेकर्स उस समय फंस गए, जब तेज बारिश और अंधेरे के कारण वे मुख्य रास्ते से भटक गए। पुलिस टीम और स्थानीय नागरिकों की मिली-जुली कोशिशों के चलते इन दोनों युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया। कई घंटों तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों को सकुशल उनके परिजनों के पास पहुंचा दिया गया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, विरार पश्चिम के ग्लोबल सिटी में रहने वाले जनक मगनलाल चुडासमा (35) और धार्मिक मनसुखभाई चुडासमा (24) रविवार शाम करीब 5 बजे पापड़खिंड पहाड़ी पर स्थित शंकर मंदिर इलाके में ट्रेकिंग करने गए थे। वापसी के दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज बारिश और घना अंधेरा होने के कारण दोनों युवक रास्ता भटक गए और पहाड़ी पर ही फंस गए।
परिजनों ने दी सूचना, शुरू हुआ रेस्क्यू
जब दोनों युवकों को अहसास हुआ कि वे मुश्किल में फंस गए हैं, तो उन्होंने अपने रिश्तेदार भावीन योगेशभाई चावड़ा को फोन किया। इसके बाद भावीन ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस कंट्रोल रूम को इस घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फुलपाड़ा बीट मार्शल की टीम हरकत में आ गई।
5 घंटे की मशक्कत के बाद मिली सफलता
पुलिस हवलदार नितीन उत्तेकर के नेतृत्व में सोमनाथ कासार, जय मोरे, प्रदीप शिंदे और उत्कर्ष सोनवणे की टीम ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खराब मौसम और फिसलन भरे पहाड़ी रास्तों के बीच इस टीम ने करीब 2 किलोमीटर तक पैदल चढ़ाई की। लगातार 4 से 5 घंटे की मेहनत के बाद रात करीब 10 बजे दोनों ट्रेकर्स को सुरक्षित ढूंढ लिया गया।
परिजनों को सौंपे गए युवक
पहाड़ी से सुरक्षित नीचे उतारने के बाद दोनों युवकों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से सफल हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
(तृप्ति प्रमाण न्यूज़ डेस्क)