वसई: विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान-2026 के दौरान चुनावी कर्तव्यों में लापरवाही बरतने और सरकारी आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में एक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के खिलाफ वसई पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
चुनावी सामग्री लेने से किया था इनकार
पुलिस के अनुसार, यह शिकायत भाविता विपेश वझे (33) ने दर्ज कराई है, जो वसई-विरार महानगरपालिका के विद्युत विभाग में कनिष्ठ अभियंता के पद पर तैनात हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शमीम हबीब रज़वी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो वसई पूर्व के एक विद्यालय में शिक्षक हैं और उन्हें बीएलओ के रूप में नियुक्त किया गया था।
शासकीय आदेशों की अवहेलना
27 जून 2026 से महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों पर ‘विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए बीएलओ को चुनावी सामग्री और फॉर्म वितरित किए जा रहे थे। आरोप है कि शमीम रज़वी ने यह सामग्री स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया और चुनावी कार्य में सहयोग नहीं किया, जिससे सरकारी कामकाज में बाधा पहुंची।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
शासकीय आदेशों की इस अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए वसई पुलिस ने आरोपी बीएलओ के खिलाफ भारतीय लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 134 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 222 व 223 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
(तृप्ति प्रमाण न्यूज़ डेस्क)