नालासोपारा: वसई-विरार में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। नालासोपारा पूर्व के पेल्हार इलाके में सड़क पर जमा बारिश के पानी में करंट उतरने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बारिश के पानी में छिपा था खतरा
मृतक की पहचान वेदांत विलास सावंत (20) के रूप में हुई है, जो नालासोपारा पूर्व के श्री समर्थ चॉल, वलईपाड़ा, संतोष भुवन क्षेत्र का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, वेदांत शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे कॉलेज से घर लौट रहा था। इसी दौरान विद्यालय के पीछे संतोष भुवन इलाके में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में बिजली का पोल संपर्क में आ गया था। पानी में करंट उतरने के कारण वेदांत को जोरदार झटका लगा और वह वहीं गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
आस-पास मौजूद स्थानीय नागरिकों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। उन्होंने वेदांत को तुरंत एक वाहन से वसई-विरार महानगरपालिका के तुळिंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पेल्हार पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस घटना के बाद मृतक के पिता विलास लक्ष्मण सावंत (60) ने पेल्हार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण इलेक्ट्रिक शॉक बताया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
(तृप्ति प्रमाण न्यूज़ डेस्क)