---Advertisement---

पालघर: तांदुलवाड़ी किले पर फंसे 6 छात्रों की डायल-112 ने बचाई जान, पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त रेस्क्यू से मिली सफलता |

---Advertisement---

पालघर: जिले के सफाला पुलिस थाना क्षेत्र स्थित तांदुलवाड़ी किले पर घूमने गए छह पर्यटक मूसलाधार बारिश और घने कोहरे के कारण जंगल में रास्ता भटक गए। लेकिन डायल-112 आपातकालीन सेवा ने एक बार फिर जीवनरक्षक की भूमिका निभाई। सफाला पुलिस और स्थानीय रेस्क्यू टीम के संयुक्त अभियान के चलते सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बारिश और कोहरे में भटके छात्र

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को नालासोपारा, विरार और डहाणू के चार युवक और दो युवतियां पर्यटन के लिए तांदुलवाड़ी किले पर गए थे। ये सभी दांडेकर महाविद्यालय, पालघर के विद्यार्थी हैं। किले से वापस लौटते समय अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज बारिश, घना कोहरा और फिसलन भरे रास्तों के कारण वे जंगल में रास्ता भटक गए। खुद को सुरक्षित बाहर निकालने में असमर्थ होने पर छात्रों ने तुरंत डायल-112 आपातकालीन सेवा पर कॉल कर मदद मांगी।

पुलिस और स्थानीय टीम का संयुक्त रेस्क्यू

सूचना मिलते ही सफाला पुलिस थाने में डायल-112 ड्यूटी पर तैनात पुलिस उपनिरीक्षक खादे, पुलिस हवलदार रमेश चौधरी, हवलदार हरी चौधरी और पुलिस नायक भोये तत्काल तांदुलवाड़ी के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचकर उन्होंने स्थानीय पुलिस पाटिल सुजित पाटील से संपर्क किया। उनके समन्वय से गांव की अनुभवी रेस्क्यू टीम को किले की ओर भेजा गया।

चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिली सफलता

रेस्क्यू टीम ने लगातार बारिश, घने कोहरे और अत्यंत फिसलन भरे रास्तों जैसी कठिन परिस्थितियों के बीच खोज अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सभी छह पर्यटकों का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित तांदुलवाड़ी गांव पहुंचाया। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद सभी छात्रों को सकुशल सफाला रेलवे स्टेशन पर पहुंचा दिया गया।

प्रशासन की नागरिकों से अपील

इस घटना के बाद पालघर जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान पहाड़ों, किलों, झरनों और अन्य दुर्गम पर्यटन स्थलों पर जाते समय सभी आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल-112 पर संपर्क कर पुलिस से मदद लें।

संवाददाता : पराग यादव

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh