---Advertisement---

ठाणे-पालघर जिला सहकारी बैंक चुनाव में महायुति का परचम, अरुण पाटिल बने नए अध्यक्ष |

---Advertisement---

विरार: ठाणे-पालघर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (TPDCC) के शीर्ष पदों के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित गुट ने एकतरफा जीत हासिल की है। बेहद रोमांचक मुकाबले के बाद अरुण पाटिल को बैंक का नया अध्यक्ष चुना गया है। वहीं दूसरी ओर, उपाध्यक्ष पद पर भाग्यश्री भोईर ने निर्विरोध बाजी मारकर महायुति की स्थिति को और मजबूत कर दिया।

कड़े मुकाबले में बविआ को लगा बड़ा राजनीतिक झटका

बैंक के अध्यक्ष पद के लिए इस बार सीधा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। मैदान में भाजपा समर्थित अरुण पाटिल और बहुजन विकास आघाड़ी (BVA) के समर्थन से मनीष राजन पाटिल आमने-सामने थे। इससे पहले आकाश बाबाजी पाटिल ने इस रेस से अपना नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद सीधी वोटिंग कराई गई। चुनाव नतीजों में अरुण पाटिल ने अपने प्रतिद्वंदी मनीष पाटिल को 14 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी।

बता दें कि पराजित हुए मनीष राजन पाटिल, बैंक के पूर्व अध्यक्ष राजन पाटिल के बेटे हैं और उन्हें बविआ प्रमुख हितेंद्र ठाकुर का बेहद करीबी माना जाता है। राजनीतिक गलियारों में इस हार को वसई-विरार क्षेत्र में बहुजन विकास आघाड़ी के लिए एक बड़े राजनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है।

पर्दे के पीछे काम कर गई रवींद्र चव्हाण की रणनीति

इस पूरे चुनावी बिसात को बिछाने और महायुति को जीत दिलाने के पीछे भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की कुशल रणनीति मानी जा रही है। चुनाव से पहले ही चव्हाण ने यह दावा कर दिया था कि अलग-अलग पैनलों के जरिए जीत दर्ज करने वाले भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) के निदेशक एक साथ हैं और महायुति के पास स्पष्ट बहुमत मौजूद है। नतीजों ने उनके इस दावे पर मुहर लगा दी और बैंक की कमान महायुति के हाथों में सौंप दी।

चुनावी समीकरणों ने साबित किया महायुति का दावा

गौरतलब है कि बीते 27 जून को सहकारी बैंक के 21 निदेशकों को चुनने के लिए मतदान हुआ था। इसमें से ‘सहकार पैनल’ ने 15 सीटों पर, ‘परिवर्तन पैनल’ ने 5 सीटों पर और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। शुरुआत में आंकड़े उलझे हुए थे, लेकिन भाजपा ने स्पष्ट किया था कि दोनों ही पैनलों में महायुति (भाजपा-शिवसेना) के कुल 13 निदेशक शामिल हैं। अरुण पाटिल की इस शानदार जीत के साथ ही गठबंधन का यह दावा पूरी तरह सच साबित हो गया है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh