---Advertisement---

पालघर को मिली डिजिटल सौगात: अत्याधुनिक ‘आधार सेवा केंद्र’ का उद्घाटन, अब हफ्ते के सातों दिन मिलेंगी सभी सुविधाएं

---Advertisement---

पालघर: पालघर के नागरिकों को अब आधार कार्ड से जुड़ी किसी भी सेवा या सुधार के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। शहर के विष्णु नगर इलाके में स्थित कांचन इम्पीरियल परिसर में एक सर्वसुविधायुक्त और अत्याधुनिक ‘आधार सेवा केंद्र’ का भव्य शुभारंभ किया गया है। इस नए केंद्र का आधिकारिक उद्घाटन शुक्रवार को महाराष्ट्र के वन मंत्री एवं जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह आधुनिक सेंटर न केवल पारदर्शी और तीव्र सेवाएं देगा, बल्कि क्षेत्र में ‘डिजिटल इंडिया’ के संकल्प को और अधिक मजबूत करेगा।

बिना छुट्टी सातों दिन खुला रहेगा केंद्र

आम जनता की व्यस्तता को ध्यान में रखते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा शुरू किया गया यह सेंटर हफ्ते के सातों दिन अपनी सेवाएं देगा। इस केंद्र पर नए पंजीकरण से लेकर सभी प्रकार के सुधार कार्य एक ही छत के नीचे किए जाएंगे।

केंद्र पर मिलने वाली मुख्य सुविधाएं:

  • नए कार्ड के लिए निःशुल्क पंजीकरण।
  • 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (पूरी तरह निःशुल्क)।
  • नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और फोटो में सुधार/संशोधन।
  • किसी भी तकनीकी समस्या या शिकायत का मौके पर ही त्वरित निवारण।

आधुनिक सुविधाओं से लैस और दिव्यांग-अनुकूल

नागरिकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इस सेंटर में वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए यहाँ व्हीलचेयर और सुलभ शौचालय की व्यवस्था की गई है। साथ ही, सुचारू कामकाज के लिए एक समर्पित केंद्र प्रबंधक (Center Manager) की नियुक्ति भी की गई है। लोग कतारों से बचने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट पोर्टल के जरिए अपनी टाइम-स्लॉट पहले से बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, इस केंद्र की सटीक लोकेशन ‘भुवन पोर्टल’ पर भी लाइव कर दी गई है।

उद्घाटन के दौरान पालकमंत्री गणेश नाईक ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि आगामी दिनों में स्थानीय स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि स्कूली बच्चों के बायोमेट्रिक रिकॉर्ड को समय पर और बिना किसी परेशानी के अपडेट किया जा सके।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में पालघर के सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक राजेंद्र गावित, विधायक हरिश्चंद्र भोये, जिला अधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, जिला परिषद के सीईओ मनोज रानडे और UIDAI मुंबई रीजन के डायरेक्टर कर्नल अक्षय यादव समेत प्रोटीयन ई-गव टेक्नोलॉजीज के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh