विरार (तृप्ति प्रमाण): सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को निशाना बनाने का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विरार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती की इंस्टाग्राम प्रोफाइल से फोटो डाउनलोड कर उसे मॉर्फ (एडिट) किया गया और अश्लील बनाकर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया। पीड़िता की शिकायत पर विरार पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी अकाउंट बनाकर रिश्तेदारों को भेजीं मॉर्फ तस्वीरें
घटना विरार पूर्व के साईनाथ नगर स्थित साई अपार्टमेंट की है। दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर बेहद आपत्तिजनक रूप दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती की बहन को फोन कर पैसों की रंगदारी मांगी और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले तो ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी। जब पीड़िता ने जांच की, तो पता चला कि उसके नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उस पर ये मॉर्फ तस्वीरें अपलोड की गई थीं और उसके परिचितों को भी भेजी जा चुकी थीं।
कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत FIR दर्ज, पुलिस जांच जारी
ब्लैकमेलिंग और साइबर क्राइम के इस गंभीर मामले को लेकर विरार पुलिस सख्त रुख अपना रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 78, 79, 356(2), 351(2) के साथ-साथ आईटी एक्ट (IT Act 2000) की धारा 66(E) और 67(C) के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से फर्जी अकाउंट के आईपी एड्रेस और फोन कॉल डिटेल्स को ट्रेस किया जा रहा है। आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।