---Advertisement---

नालासोपारा में सोसायटी परिसर से केबल और LED लाइट चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, शत-प्रतिशत सामान बरामद |

---Advertisement---

नालासोपारा (तृप्ति प्रमाण): नालासोपारा पूर्व में स्थित ‘वर्ल्डगार्डन सोसायटी’ की पार्किंग से एलईडी लाइट और पावर सप्लाई केबल चोरी करने की वारदात का पेल्हार पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया है।

दिनदहाड़े पार्किंग से उड़ाया था सामान

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह लगभग 7:30 से 8:30 बजे के बीच की है। अज्ञात चोर ने सोसायटी परिसर की पार्किंग में घुसकर दो महंगी LED फ्लड लाइटें और करीब 150 मीटर लंबी पावर सप्लाई केबल वायर पर हाथ साफ कर दिया था। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब ₹12,000 आंकी गई थी। मामले को लेकर सोसायटी के सतर्क निवासी विष्णुकुमार सत्यनारायण सिंह (51) ने पेल्हार पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

बिहार का रहने वाला है आरोपी, पुलिस ने बिछाया जाल

शिकायत के आधार पर पेल्हार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी रविराज प्रेमचंद सिंह (उम्र 23 वर्ष) को धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का निवासी है और वर्तमान में नालासोपारा पूर्व रेलवे स्टेशन इलाके में रहकर एक कोटिंग कंपनी में मजदूरी का काम करता था।

पुलिस टीम ने माल किया बरामद, आगे की तफ्तीश जारी

पेल्हार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी के पास से चुराया गया शत-प्रतिशत सामान (केबल वायर और एलईडी लाइट्स) जब्त कर लिया है। इस सफल कार्रवाई के बाद पुलिस उपनिरीक्षक श्याम सांबुडे के नेतृत्व में मामले की आगे की कानूनी जांच और पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किसी अन्य चोरी की घटना में शामिल था या नहीं।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh