---Advertisement---

विरार में 14 साल की स्कूली छात्रा से बर्बरता, महिला और उसके साथियों ने की मारपीट और जान से मारने की धमकी; केस दर्ज |

---Advertisement---

विरार (तृप्ति प्रमाण): विरार पूर्व के सहकार नगर इलाके में एक 14 वर्षीय मासूम छात्रा के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने की शर्मनाक वारदात सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर विरार पुलिस ने अज्ञात महिला और उसके सहयोगियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

9 जुलाई को घटी थी खौफनाक वारदात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 जुलाई 2026 की है जब पीड़ित नाबालिग छात्रा अपने क्षेत्र में मौजूद थी। पीड़िता का आरोप है कि एक अज्ञात महिला और उसके अन्य साथियों ने उसे बेवजह घेर लिया। आरोपियों ने न सिर्फ नाबालिग के साथ सरेआम गाली-गलौज की और अभद्रता की, बल्कि उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

बीच-बचाव करने आए परिजनों से भी की बदसलूकी

शिकायत में यह भी खुलासा हुआ है कि जब छात्रा के परिजनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो दबंगों ने उनके साथ भी भारी बदसलूकी की और हंगामा किया। पीड़ित परिवार ने हिम्मत जुटाकर विरार पुलिस स्टेशन का रुख किया और पूरे वाकये की लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मंगलवार को औपचारिक केस दर्ज कर लिया।

BNS की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

विरार पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 190, 189(2) और 191(2) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अज्ञात महिला और उसके सहयोगियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाने के लिए जांच टीम मुस्तैदी से जुटी हुई है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh