---Advertisement---

नालासोपारा के गैलेक्सी हॉस्पिटल पर ₹10.21 लाख के इंश्योरेंस फ्रॉड का शिकंजा, फर्जी कागजातों के दम पर बीमा कंपनी को लगाया चूना; डॉक्टरों समेत 4 पर FIR

---Advertisement---

नालासोपारा (तृप्ति प्रमाण): नालासोपारा पूर्व स्थित पेल्हार के गैलेक्सी हॉस्पिटल में फर्जी मेडिकल दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये की बीमा धोखाधड़ी करने का बड़ा मामला उजागर हुआ है। अस्पताल के संचालकों और डॉक्टरों पर साजिश रचकर इंश्योरेंस कंपनी से 10 लाख 21 हजार 920 रुपये ऐंठने का संगीन आरोप लगा है। शिकायत के बाद पेल्हार पुलिस ने अस्पताल से जुड़े डॉक्टरों सहित चार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।

फर्जी मेडिकल क्लेम बनाकर ऐंठे 10.21 लाख रुपये

पेल्हार पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी धोखाधड़ी वर्ष 2024 से 2026 के बीच अंजाम दी गई। मामले की शिकायत ‘बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड’ के ब्रांच ऑपरेशन्स एंड सर्विस मैनेजर चेतन नंदू चव्हाण (39) ने दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गैलेक्सी हॉस्पिटल के प्रबंधन ने आपस में साठगांठ करके फर्जी मरीजों और फर्जी इलाज के दस्तावेज तैयार किए और कंपनी में क्लेम दाखिल कर ₹10,21,920 की राशि धोखाधड़ी से हासिल कर ली।

डॉक्टरों समेत 4 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पेल्हार पुलिस ने गैलेक्सी हॉस्पिटल से जुड़े चार मुख्य आरोपियों—पूजा खान, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. इमरान खान और रजनीश होशियार सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 318(4), 336(2), 336(3) और 3(5) के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

मामले की गहन जांच जारी, जल्द होगी गिरफ्तारी

पेल्हार पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इंश्योरेंस फ्रॉड के इस गिरोह की तह तक जाने के लिए अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड्स और बैंक ट्रांसैक्शन की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का दावा है कि सबूत जुटाने के बाद आरोपियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh