उत्तर प्रदेश

मुरादाबाद: प्रेमी के घर पहुंचकर युवती ने की मंदिर में शादी, पंचायत के दौरान सगे भाई ने चाकू से किया हमला |

रिपोर्टर: संवाददाता अंकित पाल, तृप्ति प्रमाण (मुरादाबाद)

परिजनों की मर्जी के खिलाफ रचाई शादी

मुरादाबाद। असमोली थाना क्षेत्र के गुमसानी गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मुरादाबाद की रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और दोनों ने परिजनों की इच्छा के विपरीत मंदिर में विवाह कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही लड़की के परिवार वाले गांव पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच पंचायत शुरू हो गई।

पंचायत में विवाद के बाद भाई ने किया वार

मिली जानकारी के अनुसार, युवती का असमोली के गुमसानी निवासी अरुण के साथ पिछले 5 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के घरवाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। अवसर मिलते ही युवती बुधवार सुबह प्रेमी के घर पहुंची, जहां परिजनों ने दोनों का विवाह संपन्न करवा दिया।

सूचना पाकर पहुंचे लड़की के परिजनों और लड़के वालों के बीच पंचायत के दौरान कहासुनी हो गई। बातचीत के दौरान युवती के परिजनों ने युवक के साथ हाथापाई शुरू कर दी। बीच-बचाव के बीच अचानक युवती के सगे भाई ने उस पर चाकू से हमला बोल दिया।

पीड़िता का गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर अपने माता-पिता और भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उसके परिजन उसकी मर्जी के बिना एक ऐसे व्यक्ति से शादी कराना चाहते थे जो उन्हें 5 लाख रुपये दे रहा था। वहीं, थाना प्रभारी मोहित चौधरी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।