अनु और आर्या के बीच देखने को मिलेंगे प्यार भरे और तनावपूर्ण पल
लोकप्रिय टेलीविजन शो ‘तुम से तुम तक’ (Tumm Se Tumm Tak) के आगामी एपिसोड में दर्शकों को हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलने वाला है। एक तरफ जहां अनु और आर्या के बीच कुछ रोमांटिक और खुशनुमा पल देखने को मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर राजनंदिनी का रहस्य एक बार फिर कहानी को एक नए मोड़ पर खड़ा कर देगा। आर्या अपनी पत्नी अनु को बाहों में उठाकर और साथ डांस कर माहौल को रोमांटिक बनाने की कोशिश करता है, लेकिन अनु के मन से राजनंदिनी का सवाल दूर नहीं होता।
बंद कमरे और राजनंदिनी की तस्वीर को लेकर बढ़ा तनाव
रोमांटिक पलों के बाद अनु आर्या से सीधी मांग करती है कि वह उसे राजनंदिनी की तस्वीर दिखाए। अनु का मानना है कि राजनंदिनी की तस्वीर देखकर उसे सपनों में आ रही उस रहस्यमयी महिला और उसके मंगलसूत्र से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल जाएंगे। हालांकि, आर्या सख्त रवैया अपनाते हुए उसे उस बंद कमरे में जाने से मना कर देता है और तस्वीर दिखाने से साफ इनकार कर देता है।
क्या रहस्य से उठ पाएगा पर्दा?
आर्या का इस तरह अतीत को छिपाना अनु के मन में शक और उत्सुकता को और गहरा कर देता है। आने वाले एपिसोड में देखना दिलचस्प होगा कि क्या अनु उस बंद कमरे का ताला तोड़कर राजनंदिनी का सच सामने ला पाएगी या फिर आर्या अपने इस गहरे राज को हमेशा के लिए छुपाने में कामयाब रहेगा।
संवाददाता: साहिल यादव