सरायख्वाजा के धौरइल गांव में घटी चोरी की घटना
जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत धौरइल गांव में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने सिवान (खेत) में बने कमरे का दरवाजा तोड़कर वहां लगी बिजली की मोनोब्लॉक मोटर, पाइप और अन्य कीमती सामान पार कर दिया। रविवार की सुबह जब पीड़ित किसान साहब लाल प्रजापति अपने खेत पर पहुंचे, तो कमरे का टूटा दरवाजा देखकर सन्न रह गए। अंदर जाने पर करीब एक साल से लगी मोटर गायब थी।
20 हजार रुपये का नुकसान, सिंचाई ठप होने से किसान चिंतित
पीड़ित किसान के अनुसार चोरी गई मोटर, 20 किलो पाइप और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। इस मोटर से किसान न केवल अपने खेतों की सिंचाई करता था, बल्कि आसपास के अन्य किसानों को भी पानी मुहैया कराता था। अब मोटर चोरी हो जाने से खेतों की सिंचाई पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे धान की फसल सूखने लगी है और किसान बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं।
इलाके में चोरों का खौफ, पुलिस जांच में जुटी
क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि सिवान से लगातार मोटर, पंखे और डीजल इंजन चोरी हो रहे हैं, जिससे किसानों में भारी डर का माहौल है। फसलों को बचाने के लिए किसान रात-रात भर जागकर रखवाली करने को मजबूर हैं। घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस ने लिखित शिकायत दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा (जौनपुर)