Uncategorized

डीएम सैमुअल पॉल एन. का बदलापुर तहसील और सीएचसी में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर फार्मासिस्ट को नोटिस और मेडिकल स्टोरों पर सख्त कार्रवाई |

अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने तहसील बदलापुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा वितरण, डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं देना प्राथमिकता है, इसमें लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।

लापरवाह फार्मासिस्ट को शो-कॉज नोटिस जारी

निरीक्षण के दौरान फार्मेसी विभाग का जायजा लेते समय पाया गया कि ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट अपने दायित्वों का सही ढंग से पालन नहीं कर रहा है। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित फार्मासिस्ट के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण और शो-कॉज नोटिस जारी करने का आदेश दिया। उन्होंने सुनिश्चित करने को कहा कि मरीजों को दवाओं के वितरण में किसी भी तरह की परेशानी न आए।

सीएचसी के बाहर चल रहे मेडिकल स्टोरों पर भी शिकंजा

डीएम ने सीएचसी के बाहर संचालित निजी मेडिकल स्टोरों का भी निरीक्षण किया। वहां पाया गया कि कुछ दुकानों के लाइसेंस नवीनीकरण (रिन्यूअल) के आवेदन के बाद भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और नियमानुसार कड़ी अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

रिपोर्ट: दिलीप कुमार, ब्यूरो चीफ (जौनपुर)

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।