रात करीब 10 बजे शांताभवन बिल्डिंग में भड़की आग
मुंबई के विलेपार्ले पश्चिम इलाके में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बपतिस्ता रोड पर सेंट जेवियर स्कूल के पास स्थित 12 मंजिला ‘शांताभवन बिल्डिंग’ की 11वीं मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) के कंट्रोल रूम को रात 10:02 बजे घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद अग्निशमन विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
लेवल-II घोषित कर फायर ब्रिगेड ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंबई फायर ब्रिगेड ने रात 10:08 बजे इसे लेवल-I और रात 10:16 बजे तक लेवल-II की आग घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, अदाणी पावर, 108 एम्बुलेंस सेवा और बीएमसी (BMC) वार्ड स्टाफ की संयुक्त टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पाया।
किसी के हताहत होने की खबर नहीं, जांच में जुटी टीमें
राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। समय पर किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की वजह से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के मुख्य कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और दमकल विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।