तड़के 3:48 बजे चिराग नगर की गौसिया चॉल पर गिरा मलबा
मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित चिराग नगर में बुधवार तड़के एक भीषण हादसा हो गया। 12 अगस्त 2026 को तड़के करीब 3:48 बजे गौसिया चॉल पर अचानक भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया। पहाड़ी से गिरा भारी मलबा चॉल के 2 से 3 कमरों पर जा गिरा, जिससे वहां सो रहे लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
NDRF और फायर ब्रिगेड का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, दो की मौत
हादसे में घायल दो लोगों को कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, राजावाड़ी अस्पताल ले जाए गए साहिल अंसारी (28) और मोहम्मद समीर (14) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मलबे में अभी भी 6 से 8 लोगों के फंसे होने की आशंका है।
राहत कार्य में जुटे 50 से अधिक जवान
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB), पुलिस, NDRF, 108 एम्बुलेंस और बीएमसी (BMC) की टीमें मौके पर पहुंचीं। NDRF के जवान और बीएमसी के करीब 50 कर्मचारी मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।