एसपी दफ्तर के बाहर सनसनीखेज घटना
जौनपुर: न्याय न मिलने से क्षुब्ध होकर एक 20 वर्षीय युवती द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:00 बजे पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के पास की है, जहां युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास खा लिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लाइन बाजार पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
मामले की भनक लगते ही आनन-फानन में लाइन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार युवती की स्थिति बेहद नाजुक और चिंताजनक बनी हुई है।
बदलापुर क्षेत्र की रहने वाली है युवती
पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान महिमा तिवारी (20 वर्ष), पुत्री रमेश चंद्र तिवारी, निवासी ग्राम घनश्यामपुर (थाना बदलापुर, जिला जौनपुर) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर जांच-पड़ताल में जुट गए हैं।
(मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह का आधिकारिक बयान संलग्न है।)
रिपोर्ट: दिलीप कुमार, ब्यूरो चीफ (जौनपुर)