जौनपुर : वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के कुल 380 महाविद्यालयों में संचालित परीक्षाओं की निगरानी विश्वविद्यालय परिसर स्थित सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष से की जा रही है। शुक्रवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह के साथ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर चल रही परीक्षाओं का अवलोकन किया। दोनों जनपदों में परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जा रही हैं। प्रथम पाली में बीएससी प्रथम सेमेस्टर और एमए म्यूजिक की परीक्षाएं हुईं। दूसरी पाली में बीए तृतीय सेमेस्टर के अंग्रेजी विषय की परीक्षा 278 केंद्रों पर आयोजित की गई। वहीं, तीसरी पाली में बीए एवं बीएससी पंचम सेमेस्टर और एमकॉम की परीक्षाएं संपन्न हुईं।
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। परीक्षा की रिकॉर्डिंग कम से कम 60 दिनों तक सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में न्यूनतम दो कैमरे लगाए जाने चाहिए। इसके अलावा प्रश्नपत्र केंद्राध्यक्ष और दो कक्ष निरीक्षकों के हस्ताक्षर के बाद सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में खोले जाएंगे।
इस दौरान निगरानी समिति के संयोजक प्रो. प्रमोद कुमार यादव, नियंत्रण कक्ष प्रभारी करुणा निराला, प्रदीप सिंह सहित अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा


