विरार

वसई-विरार में गंदे पानी की सप्लाई से नागरिक परेशान: फूलपाड़ा समेत पूर्व के कई इलाकों में आ रहा मटमैला पानी, स्वास्थ्य विभाग ने दी उबालकर पीने की सलाह |

फूलपाड़ा व आसपास के इलाकों में नलों से आ रहा मटमैला पानी

विरार: वसई-विरार शहर महानगरपालिका के प्रभाग समिति ‘सी’ अंतर्गत आने वाले फूलपाड़ा परिसर में पिछले करीब एक सप्ताह से नलों से मटमैला और दूषित पानी सप्लाई होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। मटमैला पानी मिलने से स्थानीय नागरिकों में बीमारियों और स्वास्थ्य को लेकर भारी चिंता बनी हुई है।

पूर्वी वसई-विरार के दर्जनों इलाके प्रभावित

फूलपाड़ा के अलावा विरार और नालासोपारा पूर्व के कुंभारपाड़ा, चंदनसार, बरफपाड़ा, मनवेलपाड़ा, संतोष भुवन, कारगिल नगर, धनुबाग, वाकनपाड़ा, भोईदापाड़ा, वाघरालपाड़ा, जुचंद्र और नायगांव जैसे कई अन्य इलाकों के नागरिक भी दूषित पानी की समस्या से बुरी तरह हलकान हैं। नागरिकों का कहना है कि नल शुरू होने पर शुरुआत में काफी गंदा और मटमैला पानी आता है।

स्वास्थ्य विभाग की सलाह, जलापूर्ति अधिकारी बेखबर

बढ़ते जलजनित रोगों के खतरे को देखते हुए मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को एहतियात के तौर पर पानी उबालकर और छानकर पीने की सलाह दी है। हालांकि, समस्या के समाधान के लिए जब पानी आपूर्ति विभाग के अधिकारी सुरेंद्र ठाकरे से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन का जवाब नहीं दिया। भाजपा नेता ब्रह्मदेव सिंह राजन ने कहा कि यदि यह समस्या रोज बनी हुई है तो प्रशासन को जलापूर्ति लाइनों की त्वरित जांच कर समाधान निकालना चाहिए।

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।