विरार

विरार में सड़क पर अनधिकृत रूप से खड़ी लग्जरी बसों पर बड़ी कार्रवाई: यातायात पुलिस ने वसूला 1 लाख रुपये का जुर्माना, चालकों में मचा हड़कंप |

डी-मार्ट और मनवेलपाड़ा परिसर में चला विशेष अभियान

विरार: विरार पूर्व स्थित डी-मार्ट और मनवेलपाड़ा परिसर में सड़क किनारे गैर-कानूनी तरीके से खड़ी रहकर यातायात में बाधा डालने वाली लग्जरी बसों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को पुलिस विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अवैध रूप से पार्क की गई दर्जनों निजी लग्जरी बसों पर कार्रवाई की गई।

60 लग्जरी बसों पर दंडात्मक कार्रवाई, 1 लाख जुर्माना वसूला

इस विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाली करीब 60 लग्जरी बसों पर ई-चालान और दंडात्मक कार्रवाई की। कार्रवाई के तहत बस चालकों व मालिकों से लगभग एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। सड़कों पर अवैध पार्किंग, तेज गति से वाहन चलाने और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है।

कार्रवाई लगातार जारी रहेगी: यातायात पुलिस निरीक्षक अरविंद चौधरी

मामले की जानकारी देते हुए यातायात पुलिस निरीक्षक अरविंद चौधरी ने स्पष्ट किया कि जब तक सड़कों से अनधिकृत पार्किंग की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती, तब तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से जहां लग्जरी बस चालकों व ट्रैवल संचालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने यातायात पुलिस की इस पहल का दिल से स्वागत किया है।

प्रतिनिधि (विरार)

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।