स्थान: पालघर, महाराष्ट्र
ज्यादा बिजली बिल कम करने के एवज में मांगी थी घूस महाराष्ट्र के पालघर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महावितरण के एक वायरमैन को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी वायरमैन ने एक उपभोक्ता के घर का बढ़ा हुआ बिजली बिल कम और सेट करने के बदले 8 हजार रुपये की मांग की थी।
एसीबी ने बिछाया जाल, रंगेहाथ दबोचा एसीबी के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी प्रदीप सुभाष महाजन (उम्र 32 वर्ष) महावितरण में वायरमैन (कनिष्ठ तकनीशियन) के पद पर तैनात है। पीड़ित उपभोक्ता द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराने के बाद, एसीबी ने 19 अगस्त को मामले का सत्यापन किया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर गुरुवार, 20 अगस्त को पालघर तालुका के खारेकुरण स्थित मिठागर रोड पर जाल बिछाया गया और आरोपी को 5 हजार रुपये लेते मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज पकड़े गए आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत पालघर पुलिस स्टेशन में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। यह सफल कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शिवराज पाटील और पुलिस उपअधीक्षक दादाराम कोंड्रे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक राकेश डोंगे की टीम ने अंजाम दी। एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्य के लिए रिश्वत न दें और भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराएं।