स्थान: वसई-विरार, महाराष्ट्र
15 हजार से ज्यादा फेरीवालों को मिलेगी आधिकारिक पहचान वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) क्षेत्र में लंबे समय से पहचान पत्र का इंतजार कर रहे स्ट्रीट वेंडर्स के लिए राहत भरी खबर है। मनपा की ओर से वर्ष 2015 के सर्वेक्षण में पंजीकृत सभी पात्र फेरीवालों को अब आधिकारिक पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया के लिए प्रभाग समिति कार्यालयों में 1 सितंबर 2026 से दस्तावेजों के सत्यापन का काम शुरू हो जाएगा।
2014 के स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट के तहत हो रही कार्रवाई केंद्र सरकार के ‘स्ट्रीट वेंडर्स (आजीविका संरक्षण और स्ट्रीट वेंडिंग विनियमन) अधिनियम, 2014’ के तहत फेरीवालों की आजीविका की सुरक्षा और स्ट्रीट वेंडिंग को नियंत्रित करने के उद्देश्य से वसई-विरार मनपा ने 2015 में सर्वेक्षण कराया था। इस सर्वे के दौरान शहर भर में कुल 15,215 फेरीवालों को पात्र चिह्नित किया गया था। अब इन्हीं पात्र वेंडर्स की जानकारी सभी प्रभाग कार्यालयों को उपलब्ध करा दी गई है।
आईडी कार्ड के लिए ये दस्तावेज जमा करने होंगे अनिवार्य पात्र फेरीवालों को अपने संबंधित प्रभाग समिति कार्यालय में दस्तावेज जमा करने होंगे। जमा किए जाने वाले मुख्य दस्तावेजों में:
- व्यवसाय स्थल का फोटो एवं जीपीएस (GPS) निर्देशांक
- आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र
- दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक कागजात
सत्यापन के बाद जारी होगा यूनिक आईडी अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और व्यवसाय स्थल के भौतिक सत्यापन (Physical Verification) के बाद प्रत्येक पात्र फेरीवाले का एक यूनिक आईडी (Unique ID) तैयार किया जाएगा। इसके बाद प्रभाग कार्यालयों के माध्यम से पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे। मनपा प्रशासन ने सभी पंजीकृत फेरीवालों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया है।