जौनपुर (तृप्ति प्रमाण) | संवाददाता शम्भू विश्वकर्मा:
जौनपुर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समसपुर पानीयरिया में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गंगाराम गौतम ने औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तैनात सभी चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी अपने कर्तव्यों पर मुस्तैद और उपस्थित मिले।
दवा रखरखाव, प्रयोगशाला और प्रसव कक्ष का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने महिला चिकित्सक दीक्षा साहू से उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने फार्मासिस्ट अनिल यादव से दवाओं की उपलब्धता और उनके रखरखाव के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की। प्रयोगशाला में लैब टेक्नीशियन देवानंद मौर्या से विभिन्न प्रकार की जांचों के बारे में पूछा तथा प्रसव कक्ष का गहनता से निरीक्षण किया।
गर्भवती महिलाओं के पोषण व टीकाकरण पर दिया जोर
आरोग्य मेले में पहुंचे मरीजों से मिलकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। एएनएम शकुंतला पाठक से बच्चों के नियमित टीकाकरण की प्रगति जानी। बरसात के मौसम में फैलने वाली मौसमी बीमारियों को लेकर उन्होंने आशा कार्यकत्रियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था महिला के जीवन का एक बेहद संवेदनशील चरण होता है; इस दौरान सही पोषण, समय पर डॉक्टरी जांच और मानसिक शांति जच्चा-बच्चा दोनों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
मीडिया से बातचीत में जताई संतुष्टि
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुसार पाई गईं और किसी प्रकार की कमी नहीं मिली। पूरा स्टाफ उपस्थित था और अस्पताल का संचालन सुचारू रूप से चल रहा है।
(हमारे तृप्ति प्रमाण व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करना ना भूलें, आगे की खबरों से अपडेट होने के लिए धन्यवाद। – शम्भू विश्वकर्मा, संवाददाता, जौनपुर)