शहीद तुकाराम ओंबले चौक पर हुई अहम बैठक
वसई-विरार शहर की जर्जर सड़कों और नागरिक समस्याओं को लेकर चल रहे ‘सड़क सत्याग्रह’ को अब व्यापक स्तर पर ले जाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। वसंत नगरी स्थित शहीद तुकाराम ओंबले चौक पर सामाजिक कार्यकर्ता रवि भूषण की पहल पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में आरटीआई कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
घर-घर और चौकों तक पहुंचेगा आंदोलन
बैठक में तय किया गया कि विरार तक सीमित रहने के बजाय अब इस आंदोलन को वसई-विरार के हर प्रमुख चौक और मोहल्ले तक पहुंचाया जाएगा। आंदोलन को मजबूत करने के लिए दो अलग-अलग टीमें काम करेंगी। एक टीम पूर्व में हुए सड़क निर्माण कार्यों की जानकारी सूचना के अधिकार (RTI) से जुटाएगी, जबकि दूसरी टीम स्थानीय नागरिकों और अन्य आंदोलनकारियों को अभियान से जोड़ने का काम करेगी।
सामूहिक नेतृत्व में चलेगा लंबा जनांदोलन
सामाजिक कार्यकर्ता रवि भूषण ने कहा कि सड़क सत्याग्रह केवल अनशन या धरना-प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे लंबे समय तक चलने वाले एक संगठित जनांदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति के बजाय समाज के बुद्धिजीवियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता के सामूहिक नेतृत्व में चलाया जाएगा।
(रिपोर्ट: राजेश कोरी, ब्यूरो चीफ – तृप्ति प्रमाण)