मंगलवार को शाम 4:15 बजे ग्रहण किया कार्यभार
जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (VBSPU) में नए कुलपति के रूप में प्रोफेसर राकेश कुमार सिंह ने मंगलवार को शाम 4:15 बजे अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को सुधारने और शोध-नवाचार को बढ़ावा देने की अपनी प्राथमिकताओं को उजागर किया।
‘सिविलियन मॉडल’ और छात्रों की सहूलियत पर जोर
मीडिया को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके 20 वर्षों का अनुभव विश्वविद्यालय के विकास में काम आएगा। उन्होंने कहा, “हमारा स्पष्ट लक्ष्य छात्र हित को सर्वोपरि रखना है। विश्वविद्यालय में एक बेहतर ‘सिविलियन मॉडल’ लागू किया जाएगा, जिससे छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।” उन्होंने आश्वस्त किया कि डीन, विभागाध्यक्षों और विशेषज्ञ अधिकारियों के साथ मिलकर छात्रों के लिए एक सुलभ और परेशानी मुक्त वातावरण तैयार किया जाएगा।
वैश्विक पटल पर पहचान दिलाने का संकल्प
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय के इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचे) को मजबूत करना और छात्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक नई पहचान दिलाई जाएगी।
शिक्षकों और अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत
इस अवसर पर पूर्व कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह, कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. अजय प्रताप सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार मिश्रा, प्रो. सौरभ पाल, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौड़ सहित विभिन्न संकायों के विभागाध्यक्षों, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नए कुलपति को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
(संवाददाता शम्भू, जौनपुर – तृप्ति प्रमाण)