बढ़ती महंगाई और करों के बोझ से मिलेगी राहत
वसई: वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) की ओर से एकाकी और निराधार वरिष्ठ महिलाओं को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से मासिक अनुदान में बढ़ोतरी का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। बढ़ती महंगाई के साथ-साथ संपत्ति कर और पानी के बिलों में हुई वृद्धि को देखते हुए मनपा ने अनुदान राशि बढ़ाने का खाका तैयार किया है, जिसे सोमवार को आयोजित होने वाली महासभा की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
3,440 रुपये प्रतिमाह मिलेगा कुल अनुदान
फिलहाल महिला एवं बाल कल्याण विभाग के माध्यम से पात्र महिलाओं को 3,000 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जा रही है। महापौर अजीव पाटील द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर की गई घोषणा के तहत, कानूनी नियमों की तकनीकी अड़चनों को दूर करते हुए अब सीधे अनुदान बढ़ाने का मार्ग चुना गया है। नए प्रस्ताव के तहत, जिन महिलाओं के पास खुद की संपत्ति और नल कनेक्शन है, उन्हें संपत्ति कर मद में 200 रुपये और पानीपट्टी मद में 240 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे, जिससे कुल राशि 3,440 रुपये प्रति माह हो जाएगी।
पात्रता के मुख्य नियम और बजट प्रावधान
- आयु एवं स्थिति: महिला की आयु 60 वर्ष से अधिक और वह एकाकी व निराधार होनी चाहिए।
- संपत्ति का स्वामित्व: संपत्ति महिला के स्वयं के नाम पर दर्ज हो तथा क्षेत्रफल 1,000 वर्ग फुट से कम हो।
- उपयोग: मकान का उपयोग केवल स्वयं रहने के लिए हो (व्यावसायिक या किराये पर न दिया गया हो)।
- बजट: वित्तीय वर्ष 2026-27 में 6 करोड़ का बजट निर्धारित है, और इस अतिरिक्त बढ़ोतरी से मनपा पर 50 लाख रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।
(रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण, वसई)



