---Advertisement---

दबंगों ने लाठी, डंडे और ईंट-पत्थर से चार लोगों को मारकर किया घायल, सीएचसी प्रभारी पर लापरवाही का आरोप |

---Advertisement---

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के नदियापारे गांव में बुधवार को बारिश के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान दबंगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया, जिसमें दो महिलाओं समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला के डॉक्टर पर रात में नदारद रहने और इलाज में हीलाहवाली का गंभीर आरोप लगाया है।

पानी निकासी को लेकर हुआ विवाद, दबंगों ने बोला हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदियापारे गांव निवासी रविशंकर यादव (पुत्र स्वर्गीय शिव बरन यादव) का पड़ोसियों से बारिश का पानी निकालने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते पड़ोस के दबंगों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से रविशंकर के परिवार पर हमला कर दिया। हमले में विनोद यादव (28 वर्ष) को दबंगों ने इतना पीटा कि उन्हें अधमरा समझकर मौके से छोड़ दिया। इसके अलावा रविशंकर यादव (50 वर्ष) और अनुराग यादव (20 वर्ष) का हाथ टूट गया, जबकि अंकिता (18 वर्ष) और सीता देवी (31 वर्ष) को गंभीर चोटें आईं।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, आरोपी फरार

ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद पीड़ित परिजनों ने 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला भिजवाया। पुलिस बल को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

चिकित्सा प्रभारी पर समय से इलाज न देने का आरोप

पीड़ित रविशंकर यादव ने आरोप लगाया कि जब वे रात 11 बजे घायलों को लेकर करंजाकला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, तो डॉक्टर गायब मिले। दो घंटे तक इंतजार करने के बाद विनोद की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। गुरुवार सुबह जब वे मेडिकल के लिए दोबारा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, तब भी उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गंगाराम गौतम से शिकायत के बाद डॉक्टर पहुंचे और प्राथमिक उपचार कर तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया।

स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष जायसवाल से इस संबंध में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने हीलाहवाली की। वहीं, सरायख्वाजा के क्राइम प्रभारी प्रमोद कुमार यादव से भी संपर्क नहीं हो सका। पुलिस पीड़ित रविशंकर यादव की तहरीर पर जांच-पड़ताल में जुट गई है।

— शम्भू विश्वकर्मा

(संवाददाता — तृप्ति प्रमाण)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh