सिद्दीकपुर में प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
जौनपुर। संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला आगरा और विंध्याचल मंडल के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आगरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विंध्याचल मंडल को 3-0 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जिला खेल कार्यालय जौनपुर एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में 24 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। हालांकि, आगरा की टीम ने शुरुआत से ही खेल पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
आगरा की ओर से मंजुन ने मैच के दूसरे मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद रिया ने सातवें मिनट में दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। वहीं, मैच के 58वें मिनट में सृष्टि ने तीसरा गोल कर आगरा की जीत सुनिश्चित कर दी। इस तरह आगरा की टीम ने 3-0 से मुकाबला जीतकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला पंचायत सदस्य श्याम बाबू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। खेल अधिकारी ने मुख्य अतिथि का बुके भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त क्रीड़ा अधिकारी एमएच चौधरी, प्रतियोगिता पर्यवेक्षक एमएएस बेग, चयनकर्ता नासिर कमाल, जिला फुटबॉल संघ के अवैतनिक सचिव शंभूनाथ शर्मा, पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी साहेब लाल, डॉ. एहतेशाम, प्राध्यापक केके सोढ़ी सहित राजकुमार यादव, कृष्ण कुमार यादव, निलेश यादव, दिलीप कुमार, अमरजीत यादव, कन्हैया यादव और मोना सिन्हा मौजूद रहीं।
प्रशिक्षक हृदय ने अतिथियों को बैज लगाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।


