दो पंचवर्षीय कार्यकाल बीतने को, फिर भी आवास योजना का लाभ नहीं मिलने का आरोप; राशन कार्ड बनवाने के लिए भी लगा रहे चक्कर।
जौनपुर | संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव में शनिवार की सुबह करीब तीन बजे करकट से बना एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि हादसे में परिवार के किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई और सभी लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि, मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
पहले कच्चा मकान गिरा, अब करकट का आशियाना भी ढहा
भकुरा गांव निवासी सूर्यनाथ राजभर ने बताया कि इससे पहले उनका कच्चा मकान भी गिर गया था। इसके बाद परिवार ने किसी तरह करकट डालकर रहने की व्यवस्था की थी। लेकिन शनिवार की भोर में करीब तीन बजे यह मकान भी भरभराकर गिर गया।
लगातार मकान गिरने की घटनाओं से परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब परिवार को खुले आसमान के नीचे रहने की चिंता सता रही है।
दो पंचवर्षीय कार्यकाल बीतने को, फिर भी आवास नहीं मिलने का आरोप
पीड़ित सूर्यनाथ राजभर ने ग्राम प्रधान पर आरोप लगाते हुए कहा कि दो पंचवर्षीय प्रधान कार्यकाल बीतने को हैं, लेकिन आज तक उनके परिवार को आवास योजना का लाभ नहीं मिला। उनका कहना है कि कई बार ग्राम प्रधान से आवास दिलाने की गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
सूर्यनाथ ने आरोप लगाया कि गांव में ऐसे लोगों को भी सरकारी आवास आवंटित किए गए हैं, जो गरीबी रेखा से ऊपर हैं, जबकि जरूरतमंद होने के बावजूद उनका परिवार आवास से वंचित है।
राशन कार्ड के लिए भी लगा रहे चक्कर
पीड़ित का कहना है कि आज तक उनका राशन कार्ड भी नहीं बना है और परिवार को सरकारी राशन का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कराया था। इसकी जानकारी ग्राम प्रधान और कोटेदार दोनों को भी दी गई थी। इसके बावजूद अभी तक न तो राशन कार्ड बना और न ही परिवार का नाम किसी राशन कार्ड में जोड़ा गया।
सूर्यनाथ राजभर के अनुसार, आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार का भरण-पोषण पहले से ही मुश्किल है। ऐसे में मकान गिरने और सरकारी राशन का लाभ नहीं मिलने से परेशानियां और बढ़ गई हैं। एक तरफ सिर छिपाने के लिए पक्का मकान नहीं है, तो दूसरी तरफ सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
पीड़ित ने अधिकारियों से लगाई मदद की गुहार
सूर्यनाथ राजभर ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पात्रता के आधार पर आवास उपलब्ध कराने और राशन कार्ड बनवाकर सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
वहीं, ग्राम पंचायत सचिव प्रमोद यादव ने बताया कि मकान गिरने के मामले में क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा दैवीय आपदा के तहत रिपोर्ट लगाए जाने के बाद ही आवास आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी इस परिवार की समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं और पात्रता के आधार पर उसे सरकारी योजनाओं का लाभ कब तक मिल पाता है।
रिपोर्ट: शम्भू विश्वकर्मा


