बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ या ‘नीतीशपुरम’ करने की मांग, बिहार की सियासत में फिर गरमाया मुद्दा |

Share:

मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने रखा प्रस्ताव, फिलहाल आधिकारिक फैसला नहीं

पटना, ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद: बिहार की राजनीति में शहरों और स्थानों के नाम बदलने को लेकर चल रही बहस के बीच अब बख्तियारपुर का नाम बदलने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। बिहार सरकार के मंत्री और जीतन राम मांझी के बेटे डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ या ‘नीतीशपुरम’ करने की मांग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने रखी है।

मुख्यमंत्री ने कहा- ‘एक दिन नाम बदल जाएगा’

बख्तियारपुर के नाम परिवर्तन को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि फिलहाल नाम बदलने का कोई तत्काल सरकारी प्रस्ताव नहीं है। हालांकि, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से नाम परिवर्तन के पक्ष में होने की बात कही और संकेत दिया कि “एक दिन यह नाम बदल जाएगा।”

नीतीश कुमार की जन्मभूमि होने का दिया हवाला

मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने नालंदा के बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने का प्रस्ताव रखा है। मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांग रखते हुए उन्होंने कहा कि बख्तियारपुर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जन्मभूमि है।

संतोष सुमन के मुताबिक, शहर का नाम बदलने से नीतीश कुमार के राजनीतिक योगदान और उनकी विरासत को सम्मान दिया जा सकेगा।

‘मगध द्वार’ नाम रखने का प्रस्ताव भी पहले भेजा जा चुका

बख्तियारपुर नगर परिषद की ओर से शहर का नाम बदलकर ‘मगध द्वार’ करने का प्रस्ताव पहले ही सरकार को भेजे जाने की जानकारी है। हालांकि, इस प्रस्ताव पर भी अभी तक कोई औपचारिक निर्णय नहीं हुआ है।

इस बीच ‘नीतीशपुर’ या ‘नीतीशपुरम’ नाम रखने की मांग सामने आने से बख्तियारपुर के नाम परिवर्तन को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।

अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं

फिलहाल बख्तियारपुर का नाम बदलने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मुख्यमंत्री की ओर से भी तत्काल सरकारी प्रस्ताव नहीं होने की बात स्पष्ट की गई है। ऐसे में अब निगाहें सरकार के अगले कदम और इस प्रस्ताव पर होने वाली औपचारिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।

ब्यूरो चीफ: विनोद प्रसाद

Share: