बरेली (फतेहगंज पश्चिमी):
आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और भव्य बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नज़र आ रहा है। शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मीरगंज की एसडीएम निधि शुक्ला ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर कांवड़ मार्ग का सघन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ठाकुरद्वारा मंदिर और पैचवर्क कार्यों का लिया जायजा
प्रशासनिक सक्रियता की मिसाल पेश करते हुए एसडीएम निधि शुक्ला ने सबसे पहले ठाकुरद्वारा मंदिर परिसर का दौरा किया। वहां उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद, कांवड़ियों के पैदल मार्ग को गड्ढा-मुक्त बनाने के लिए चल रहे पैचवर्क कार्यों का कड़ाई से निरीक्षण किया गया। एसडीएम ने कार्यदायी संस्था को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए और सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं।
कानून व सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की पैनी नज़र
निरीक्षण के दौरान हाईवे सीओ और फतेहगंज पश्चिमी के थाना प्रभारी निरीक्षक प्रबीन कुमार भी साथ मौजूद रहे। सीओ हाईवे ने यातायात प्रबंधन और रूट डायवर्जन की रणनीतियों पर चर्चा की, वहीं थाना प्रभारी प्रबीन कुमार ने सुरक्षा का पूरा खाका तैयार करते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े कड़े इंतज़ामों का भरोसा दिया। पुलिस बल की इस मुस्तैदी से साफ है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में बढ़ा विश्वास
एसडीएम निधि शुक्ला के कुशल नेतृत्व और पुलिस अधिकारियों के आपसी तालमेल की स्थानीय जनता और शिवभक्तों ने जमकर सराहना की है। अधिकारियों के इस त्वरित और जमीनी एक्शन से यह उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित, सुचारू और ऐतिहासिक होगी।
संवाददाता: लादेन मंसूरी