पटना

बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने BPSC से चयनित 2,027 अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, दिया ‘विकसित बिहार’ के निर्माण का संदेश |

बापू सभागार में आयोजित हुआ भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह

पटना: सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा पटना के बापू सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह में बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत चयनित 2,027 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

“आपका एक हस्ताक्षर किसी परिवार की तकदीर बदल सकता है”: सम्राट चौधरी

नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “यह अवसर बिहार के युवाओं के लिए नई संभावनाओं और बड़ी जिम्मेदारियों की शुरुआत है। आप अपनी प्रतिभा, निष्ठा और समर्पण से जनसेवा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं और विकसित बिहार के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएं।” उन्होंने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक पद नहीं बल्कि सेवा का संकल्प है; आप जिस भी फाइल पर हस्ताक्षर करेंगे, उससे किसी न किसी परिवार का भला होगा।

महिलाओं ने लहराया परचम, 745 महिला अभ्यर्थी हुईं चयनित

70वीं BPSC परीक्षा के तहत कुल 2,027 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जबकि 8 पद रिक्त रह गए। इस परीक्षा परिणाम में राज्य की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। चयनित कुल अभ्यर्थियों में करीब 745 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से टॉप-100 की सूची में 45 महिलाओं ने अपनी जगह बनाई है।

इस गरिमामयी अवसर पर उप-मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव एवं विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, डॉ. दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, अशोक चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, लखेंद्र कुमार रौशन, मो. जमा खान, श्वेता गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, संजय कुमार, दीपक प्रकाश सहित मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ सदस्य एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: विनोद प्रसाद, ब्यूरो चीफ (तृप्ति प्रमाण)

विनोद प्रसाद

ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी ✍️ सच्चाई को सामने लाना, टीम का मार्गदर्शन करना और समाज की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता करना