बिहार पृथ्वी दिवस 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण के लिए जारी किए 11 सूत्री संकल्प |

Share:

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कल्पतरु और रुद्राक्ष के पौधे लगाए

बिहार पृथ्वी दिवस 2026 के विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवा आवास परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया। उन्होंने परिसर में कल्पतरु और रुद्राक्ष के पौधे रोपे और प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को एक व्यापक जन-अभियान बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति की रक्षा केवल एक दिन का औपचारिक संकल्प नहीं, बल्कि इसे हमारे daily जीवन का हिस्सा बनना चाहिए।

पर्यावरण रक्षा के लिए 11 सूत्री संकल्प जारी

इस मौके पर राज्य सरकार की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर 11 सूत्री संकल्प जारी किया गया। इसमें हर साल कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प प्रमुख है। इसके साथ ही पानी और बिजली की बचत, जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग (वर्षा जल संचयन) को बढ़ावा देने और सिंगल-यूज प्लास्टिक व पॉलिथीन का पूरी तरह उपयोग बंद करने पर जोर दिया गया।

दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने पर बल

संकल्पों में पशु-पक्षियों के प्रति दयाभाव, कम दूरी तय करने के लिए पैदल या साइकिल का प्रयोग करने, कागज की बचत करने और स्वच्छता बनाए रखने जैसी व्यावहारिक बातों को शामिल किया गया है। इस दौरान वन एवं पर्यावरण विभाग के आला अधिकारी तथा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

ब्यूरो चीफ: विनोद प्रसाद (पटना)

Share: