7 अक्टूबर तक चलेगी भर्ती रैली, बारिश को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए किए गए विशेष इंतजाम
दानापुर। बिहार-झारखंड क्षेत्रीय सेना भर्ती कार्यालय, दानापुर की ओर से 22 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। भर्ती रैली न्यू केएलपी, चांदमारी स्थित डिफेंस कॉलोनी मैदान में आयोजित होगी। इसमें बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों से कुल 11,295 अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

सेना भर्ती क्षेत्रीय मुख्यालय (बिहार-झारखंड), दानापुर के भर्ती निदेशक कर्नल बिंदु अग्निहोत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भर्ती रैली से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए इस बार अभ्यर्थियों को सड़क पर जूते पहनकर दौड़ में शामिल कराया जाएगा। बारिश से बचाव के लिए बड़े पंडाल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
निष्पक्ष और योग्यता आधारित भर्ती पर जोर
भर्ती निदेशक ने कहा कि सेना की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और योग्यता आधारित है। उन्होंने अभ्यर्थियों से किसी भी तरह के दलाल या बिचौलियों के झांसे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार अपनी योग्यता और तैयारी पर भरोसा रखें।
जिलेवार इस तरह होगा भर्ती रैली का कार्यक्रम
- 22 सितंबर: सारण के अग्निवीर जीडी अभ्यर्थी
- 23 सितंबर: भोजपुर के अभ्यर्थी
- 24 सितंबर: बक्सर, गोपालगंज और सिवान
- 25 सितंबर: पटना और वैशाली के अग्निवीर जीडी अभ्यर्थी
- 26 से 29 सितंबर: विभिन्न जिलों के अग्निवीर टेक्निकल अभ्यर्थी
- 30 सितंबर: सात जिलों के अग्निवीर ट्रेड्समैन अभ्यर्थी
- 1 अक्टूबर: झारखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थी
- 2 अक्टूबर: वैशाली, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सिवान और सारण के अग्निवीर क्लर्क अभ्यर्थी
- 3 अक्टूबर: पटना, कटिहार और मुजफ्फरपुर एआरओ के अभ्यर्थी
- 4 अक्टूबर: गया एआरओ के अभ्यर्थी
- 6 और 7 अक्टूबर: बिहार-झारखंड के सभी जिलों की अग्निवीर महिला सैन्य पुलिस अभ्यर्थी
11 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार इस रैली में करीब 11,042 पुरुष और 253 महिला अभ्यर्थी, यानी कुल 11,295 उम्मीदवार शामिल होंगे।
भर्ती प्रक्रिया में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम, फिजिकल फिटनेस टेस्ट, फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट, दस्तावेजों की जांच और रैली स्थल पर मेडिकल टेस्ट सहित निर्धारित चरण शामिल होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मेजर प्रशांत और सूबेदार मेजर दलजीत सिंह सहित सेना के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद




