---Advertisement---

जौनपुर में आम जनता को बड़ी राहत: अब रात 10 बजे तक दर्ज होंगी शिकायतें, कलेक्ट्रेट में शुरू हुआ ‘जन सुविधा केंद्र’|

---Advertisement---

जौनपुर। आम जनमानस की शिकायतों को त्वरित रूप से दर्ज करने और उनका समयबद्ध निस्तारण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को ‘जन सुविधा केंद्र’ का उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने फीता काटकर इस केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र के माध्यम से अब आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

सुबह 8 से रात 10 बजे तक रहेगा सुचारू

जिलाधिकारी ने इस दौरान जानकारी दी कि यह जन सुविधा केंद्र प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से लेकर रात 10:00 बजे तक संचालित होगा। उन्होंने बताया कि केंद्र में प्राप्त होने वाली शिकायतों का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इसके संचालन के लिए रोस्टर के आधार पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वहीं सुरक्षा और व्यवस्था के लिए दोनों पालियों में पुलिस कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।

छुट्टी के दिन भूमि विवादों पर रहेगी विशेष नजर

डीएम ने बताया कि शनिवार और रविवार को अवकाश के दौरान अक्सर भूमि कब्जे और विवाद से संबंधित शिकायतें अधिक आती हैं। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष व्यवस्था की गई है। जैसे ही कोई शिकायत दर्ज होगी, व्हाट्सएप के माध्यम से तुरंत संबंधित लेखपाल और कानूनगो को सूचना भेजी जाएगी। इसके अलावा, आवश्यकता पड़ने पर दोनों पक्षों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई की व्यवस्था भी की जाएगी।

अधिकारियों की जवाबदेही तय, होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि भूमि विवाद, अवैध कब्जा और अन्य संवेदनशील मामलों में संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी निस्तारण में सहयोग नहीं करता है या अनावश्यक विलंब करता है, तो उसका विवरण दर्ज कर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिकायतों के रिकॉर्ड की साप्ताहिक और दस-दिवसीय समीक्षा भी की जाएगी।

इन अधिकारियों की रही प्रमुख उपस्थिति

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित अन्य गण्यमान्य अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे।

जौनपुर से दिलीप कुमार की रिपोर्ट

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh