वसई (मुंबई) | संवाददाता: साहिल यादव
मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर नायगांव (पूर्व) क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक गंभीर सड़क दुर्घटना घटित हुई। इस हादसे में इको वाहन चला रहे 25 वर्षीय प्रीतम चव्हाण गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के दौरान एक लोहे की सरिया उनके पैर में आर-पार धंस गई, जिसके कारण वह वाहन के भीतर ही फंस गए।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हवलदार अजरुद्दीन निसार मस्ते ने तुरंत संबंधित विभागों को इसकी जानकारी दी। उनके त्वरित कदम की वजह से रेस्क्यू टीम को जल्दी मौके पर बुलाया जा सका। सूचना मिलने के बाद वसई फाटा और आचोले अग्निशमन केंद्र की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
स्प्रेडर मशीन से काटी गई लोहे की सरिया
दमकल कर्मियों ने स्थिति का आकलन किया और विशेष स्प्रेडर मशीन की सहायता से वाहन में फंसी लोहे की सरिया को सावधानीपूर्वक काटा। इस ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया। प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने के बाद घायल चालक को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू टीम के जवानों ने दिखाई सूझबूझ
इस सफल बचाव अभियान में फायर ब्रिगेड के वाहन चालक निलेश पाटील के साथ-साथ अग्निवीर रविंद्र राठोड, अक्षय पाटील, कुलदीप माळी, पंकज तांडेल, रुपेश पाटील, मुकेश भोईर, संकेत पालन, स्वप्निल शेडगे तथा मयूर डिचोलकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन सभी की सूझबूझ और तेज कार्रवाई की वजह से एक बड़ी जनहानि टल गई।