प्रसाद इंस्टीट्यूट के पास कई लोगों को कुचलने के बाद गड्ढे में पलटी स्कॉर्पियो; सात घायलों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
जौनपुर : लाइन बाजार थाना क्षेत्र में स्थित प्रसाद इंस्टीट्यूट के पास बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। यहां अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने महिला समेत कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में सातों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, अनियंत्रित स्कॉर्पियो लोगों को कुचलते हुए सड़क किनारे स्थित एक गड्ढे में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की।
स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और स्कॉर्पियो अनियंत्रित कैसे हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं घायलों के उपचार को लेकर परिजन चिंतित हैं।
ब्यूरो चीफ संवाददाता: दिलीप कुमार


