जौनपुर से दिलीप कुमार की रिपोर्ट
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत, शाहगंज थाना पुलिस ने ₹50,000 के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त हृदयनारायण मिश्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शाहगंज पब्लिक इंटर कॉलेज में करोड़ों रुपये के गबन और धोखाधड़ी का आरोप है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के सौदमा निवासी हृदयनारायण मिश्र के खिलाफ वर्ष 2021 में शाहगंज पब्लिक इंटर कॉलेज से जुड़े गबन, आपराधिक न्यासभंग (Amanat Me Khayanat), धोखाधड़ी और फर्जी कागजात (कूटरचना) तैयार करने के आरोपों में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
कोर्ट की अवहेलना और ₹50 हजार का इनाम
लगातार फरार रहने के कारण न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) और धारा 82 CrPC (कुर्की की उद्घोषणा) के तहत कार्रवाई भी की गई थी। इसके बावजूद पेश न होने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG), वाराणसी परिक्षेत्र द्वारा आरोपी पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया था। कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने पर उसके खिलाफ धारा 174A के तहत एक और अलग मुकदमा दर्ज किया गया था।
सुबह तड़के घर से हुई गिरफ्तारी
रविवार सुबह शाहगंज पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर अभियुक्त हृदयनारायण मिश्र को उसके पैतृक आवास से धर दबोचा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तारी के दौरान सभी वैधानिक नियमों और मानवाधिकार संबंधी प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया गया है।
इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में शाहगंज प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, ओम प्रकाश पांडेय और पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे।