जनजातीय गौरव सप्ताह: क्रांतिवीरों के स्मारकों की सफाई कर दिया ऐतिहासिक विरासत संरक्षण का संदेश |

Share:

विधायक हरिश्चंद्र भोये और परियोजना अधिकारी पी.के. सिद्धार्थ रामकुमार ने स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा

पालघर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘जनजातीय गौरव सेवा सप्ताह’ के तहत शनिवार, 14 नवंबर को जव्हार शहर में क्रांतिवीरों के स्मारकों की साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस पहल के माध्यम से आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करने के साथ ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और सार्वजनिक स्वच्छता का संदेश दिया गया।

महाराष्ट्र शासन के आदिवासी विकास विभाग की ओर से 11 से 18 नवंबर 2026 तक ‘जनजातीय गौरव सेवा सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत जव्हार के राजे यशवंतराव मुकणे चौक, तारपा चौक, हुतात्मा चौक, महात्मा गांधी चौक, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक और आदिवासी क्रांतिवीर चौक स्थित स्मारकों के परिसरों की सफाई की गई।

इस स्वच्छता अभियान में विधायक हरिश्चंद्र भोये तथा परियोजना अधिकारी एवं सहायक जिलाधिकारी पी.के. सिद्धार्थ रामकुमार ने स्वयं भाग लिया। उनके साथ सहायक परियोजना अधिकारी मच्छिंद्र गडाख, नायब तहसीलदार कामडी, पेसा प्रबंधक मनोज कामडी सहित आदिवासी विकास परियोजना कार्यालय, तहसील कार्यालय, पंचायत समिति और जव्हार नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अभियान का उद्देश्य क्रांतिवीरों के योगदान को नमन करना, ऐतिहासिक स्मारकों के महत्व को बढ़ाना और नई पीढ़ी को आदिवासी समाज के संघर्षपूर्ण इतिहास से परिचित कराना था।

भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी अधिकारों के लिए संघर्ष किया था। उनका जीवन और संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। जनजातीय गौरव सेवा सप्ताह के तहत आयोजित इस अभियान ने ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: