वसई-विरार के अधिकांश तालाब प्रदूषण की चपेट में, सूखे के खतरे के बीच मनपा की अनदेखी पर उठे सवाल |

Share:

वसई-विरार। अल-नीनो के संभावित प्रभाव और कम बारिश की आशंका के बीच राज्य में सूखे का खतरा बढ़ने की चिंता जताई जा रही है। बढ़ती गर्मी और गिरते जलस्तर के बीच पारंपरिक जलस्रोतों का संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है। लेकिन वसई-विरार में अधिकांश तालाबों की बदहाल स्थिति ने महानगरपालिका के रखरखाव और सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शहर में 100 से अधिक ऐतिहासिक और प्राकृतिक तालाब मौजूद हैं। महानगरपालिका की ओर से इनके सुंदरीकरण और पुनरुद्धार के लिए काम किया गया, लेकिन नियमित सफाई और रखरखाव की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। पापड़ी, सांडोर, कामण, चुलणे, भुईगांव, गोखीवरे, आचोले और नालासोपारा स्थित बौद्ध स्तूप के सामने के तालाबों की हालत खराब बताई जा रही है।

चुलणे के तालाब में कचरे और जलकुंभी का अंबार लगा हुआ है। सामाजिक कार्यकर्ता जैक गोम्स ने तालाब की सफाई की मांग करते हुए बताया कि इस संबंध में मनपा आयुक्त से शिकायत की गई है। वहीं, अधिवक्ता दिनेश म्हात्रे ने कामण तालाब में दूषित पानी छोड़े जाने का मुद्दा उठाते हुए संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि 21 अक्टूबर को आयोजित महानगरपालिका की महासभा में महापौर अजीव पाटील ने पुराने कुओं और तालाबों की तत्काल सफाई के निर्देश दिए थे। हालांकि, इन निर्देशों के बावजूद सफाई का काम शुरू नहीं होने की बात सामने आई है।

इस मामले में अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे ने बताया कि तालाबों से जलकुंभी, गंदगी और निर्माल्य हटाया जाएगा। साथ ही गर्मियों के दौरान तालाबों से गाद निकालकर उनका पुनर्जीवन किया जाएगा।

जलस्रोतों का संरक्षण आने वाले समय में पानी की उपलब्धता के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में अब देखना होगा कि महानगरपालिका की ओर से तालाबों की सफाई और पुनर्जीवन के लिए घोषित कदम कब जमीन पर उतरते हैं।

रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ राजेश कोरी | तृप्ति प्रमाण

Share: